जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह
का पटना में भव्य स्वागत
पटना 06 अगस्त
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष
के पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद बिहार के मुंगेर से पार्टी के सांसद राजीव
रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के आज पहली बार पटना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
श्री सिंह के यहां पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय
हवाई अड्डा पहुंचने पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में कई घंटे से इंतजार कर रहे
कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गगन भेदी नारेबाजी की। इसके बाद उत्साहित समर्थकों ने
फूल-मालाओं से उन्हें लाद दिया। नीतीश कुमार और ललन सिंह जिंदाबाद के नारों के बीच
उनका काफिला काफी जद्दोजहद के बाद सरक सका। समर्थक हाथी, घोड़ा और
ऊंट के साथ उनके स्वागत के लिए इंतजार करते नजर आए।
श्री सिंह खुली गाड़ी में
कार्यकर्ता एवं समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए पार्टी के प्रदेश
मुख्यालय की ओर प्रस्थान किए। उनका काफिला निर्धारित मार्ग हवाई अड्डा से शेखपुरा
मोड़ होते हुए बेली रोड के हड़ताली मोड़ से आगे बढ़ा। इन मार्गों पर जगह-जगह पहले
से इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोककर उन्हें माला पहनाया। इसके बाद
धीरे-धीरे उनका काफिला पार्टी कार्यालय पहुंचा, जहां उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया
है।
उल्लेखनीय है कि श्री सिंह को श्री आरसीपी सिंह के केंद्र
में मंत्री पद की जिम्मेवारी मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान
सौंपी गयी है।
बिहार में शीघ्र आएगी टेक्सटाइल
और लेदर पॉलिसी : शाहनवाज
पटना 06 अगस्त
बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने आज कहा
कि सरकार शीघ्र ही नई टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी लेकर आएगी।
श्री हुसैन
ने शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित
सहयोग कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश की राष्ट्रीय
जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार के विकास के लिए पूरी तरह से एकजुट है।
राज्य का विकास करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि कई प्रदेशों से बड़ी-बड़ी कंपनी
राज्य में निवेश के लिए तैयार है। उद्योग के प्रति अच्छा माहौल बना है। सरकार सबका
साथ सबका विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है।
उद्योग
मंत्री ने तेलंगाना औद्योगिक संस्थान द्वारा बुलाए जाने पर तेलंगाना में स्थित
औद्योगिक संस्थान से जुड़े कंपनी का आह्वान करते हुए कहा कि 'एक बार तो
आइए बिहार में ' औद्योगिक
माहौल बना है। नई टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी लाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि
राज्य सरकार शिलान्यास नहीं बल्कि उद्घाटन में विश्वास करती है।
श्री हुसैन
ने कहा कि मक्का, टूटा चावल
मिलाकर इथेनॉल बनाया जाएगा। सात दिन के कार्य दिवस में उद्योग के लिए प्रस्ताव की
स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बाराबंकी से आए एसआर कंपनी ने राज्य के अपने
तीन दिन के दौरे के बाद उन्हें बताया कि बिहार में सुशासन का राज है। बाराबंकी की
पेप्सी कंपनी बेगूसराय में उद्योग लगाने के लिए तत्पर है। इसी तरह कोका कोला कंपनी
जमीन मांग रही है, जिसे
मोतीपुर, सुपौल के
इलाके के लिए पत्र बना कर दिया गया है।
उद्योग
मंत्री ने कहा कि बाराबंकी की दो कंपनी ऑर्गेनिक इंडिया तुलसी की खेती किसानों से
करवाती है, जिससे
किसानों को लाभ मिल रहा है। कोरोना काल में इसका बड़ा महत्व रहा है। उन्होंने कहा
कि बिहार में इथेनॉल के लिए 30 हजार करोड़
रुपये का प्रस्ताव आया है। केंद्र सरकार से इस संबंध में बात चल रही है। उन्होंने
कहा कि सभी क्षेत्र में रोजगार का सृजन किया जा रहा है।
बिहार में विधानसभा का मध्यावधि चुनाव तय: चिराग
मुजफ्फरपुर 06 अगस्त
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय
अध्यक्ष चिराग पासवान (चिराग गुट) ने आज कहा कि बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले
विधानसभा का मध्यावधि चुनाव होगा तो उसमें गठबंधन की सरकार बनाने में उनकी पार्टी
की अहम भूमिका होगी।
श्री पासवान
ने शुक्रवार को अपने आशीर्वाद यात्रा के दौरान यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा
कि अभी स्पष्ट नहीं है कि उनकी पार्टी का गठबंधन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन
(संप्रग) के साथ होगा या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ। हालांकि
बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा का मध्यावधि चुनाव होना तय है और उसमें
गठबंधन की सरकार बनाने में उनकी पार्टी की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस का दावा करते
हैं लेकिन राज्य के लोग किसी भी चीज से त्रस्त हैं तो वह है क्राइम और करप्शन।
सांसद ने
कहा कि मुख्यमंत्री कुमार को राज्य के लोगों ने इस बार के विधानसभा चुनाव में
जनादेश नहीं दिया है लेकिन किसी के आशीर्वाद से वह मुख्यमंत्री बने हुए हैं। यदि
जनादेश मिला होता तो विधानसभा में उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) तीसरे नंबर
की पार्टी नहीं बनती। वर्तमान सरकार की नीतियों को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है जो
उनकी आशीर्वाद यात्रा के दौरान देखने को जगह-जगह मिल रहा है।



No comments:
Post a Comment